अग्रसर भारत
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रहे तीन छात्रों को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया। हादसे में कक्षा 10 के छात्र शिवम कुमार (15) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पीछे से आ रहे टैंकर ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, दाभोरा टांडा निवासी मनोज सिंह का पुत्र शिवम कुमार राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बरखेड़ी में 10वीं का छात्र था। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने चचेरे-तहेरे भाइयों वासु और अक्षय के साथ पैदल स्कूल जा रहा था। इसी दौरान बरखेड़ी मार्ग पर पीछे से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने तीनों को टक्कर मार दी।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसा इतना भीषण था कि शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल वासु और अक्षय को काशीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सड़क जाम कर जताया आक्रोश, चालक की तलाश जारी
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने स्कूल समय में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की। सूचना पर पहुंची आईटीआई कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार चालक की तलाश की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर रहा शिवम एक मजदूर परिवार से था। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।


