नैनीताल के दूरस्थ सौड़ क्षेत्र में एक वाहन खाई में गिरने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को शाम के समय एक टैक्सी वाहन सवारियों को लेकर सौड़ को जा रहा था। सौड़ के समीप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायलों को खाई से निकाला। वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। जिसमें से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की ओर से घायलों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में तैनात डॉ. रिजवान ने बताया कि सौड़ निवासी पान सिंह (60), शिवराज सिंह ( 65) व देवेंद्र सिंह ( 70) गम्भीर रूप से चोटिल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को रेफर कर दिया गया है।


