हल्द्वानी (नैनीताल):
रामपुर रोड स्थित टीपी नगर निवासी अशोक टम्टा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शनिवार को अपना 17वां जन्मदिन मनाने भुजियाघाट गए किशोर आदित्य टम्टा की गधेरे (बरसाती नाले) के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। रविवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान उसका शव राजपुरा क्षेत्र के पास गौला नदी के किनारे बरामद किया गया। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य टम्टा शनिवार को अपने 6-7 दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ 17वां जन्मदिन मनाने के लिए भुजियाघाट गया था। दोपहर करीब 12:30 बजे सभी दोस्त गधेरे में नहा रहे थे, तभी पहाड़ी क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण गधेरे का जलस्तर अचानक बहुत तेजी से बढ़ गया।
पैर फिसलने से तेज बहाव की चपेट में आया
जलस्तर बढ़ता देख किनारे पर खड़े दोस्तों ने आदित्य को तुरंत बाहर निकलने के लिए आवाज दी। आदित्य ने बाहर आने का प्रयास भी किया, लेकिन अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी के प्रचंड बहाव में ओझल हो गया। दोस्तों के सामने ही वह बहता चला गया।
देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम कोतवाली पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस और बचावकर्मियों ने काठगोदाम बैराज तक बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शनिवार देर रात अंधेरा होने के कारण अभियान को रोकना पड़ा था। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर रविवार सुबह पुनः अभियान शुरू किया गया था।
रविवार सुबह मिला शव
रविवार की सुबह सर्च टीम को राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे आदित्य का शव मिला। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिस घर में कल तक जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, वहां आज मातम पसरा हुआ है।


