लेह-लद्दाख में ऑक्सीजन की कमी से गौलापार के युवा कारोबारी महेंद्र नौला का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
लालकुआं/गौलापार।
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गौलापार से एक बेहद दुःखद और स्तब्ध कर देने वाली ख़बर सामने आई है। यहाँ देवला तल्ला निवासी 36 वर्षीय प्रतिष्ठित कारोबारी और नौला बैंक्वेट हॉल के स्वामी महेंद्र सिंह नौला का लेह-लद्दाख में संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, महेंद्र बीती 21 मई को अपनी पत्नी मोनिका, दो मासूम बेटियों और पड़ोसी दंपत्ति के साथ गर्मियों की छुट्टियां मनाने लद्दाख गए थे।
यात्रा के दौरान 27 मई की शाम अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक ऊंचाई पर अचानक ऑक्सीजन का स्तर (लेवल) गिर जाना मौत की प्राथमिक वजह माना जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक का पार्थिव शरीर हल्द्वानी स्थित उनके पैतृक आवास लाया गया। शुक्रवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए। सामाजिक कार्यकर्ता दया किशन पांडे ने बताया कि संकट की इस घड़ी में क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने शव को फ्लाइट से हल्द्वानी भिजवाने में परिवार की बड़ी मदद की। युवा व्यापारी अपने पीछे पत्नी और 8 व 4 वर्ष की दो छोटी बेटियों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में गहरी शोक की लहर है।


