चमोली : चमोली जिले के नंदानगर ब्लॉक अंतर्गत रामणी गांव से मंगलवार सुबह एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से दो किशोर-किशोरी के शव फंदे पर लटके मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में डर और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने मेला मैदान के मंच पर दोनों शवों को लटके हुए देखा। मृतकों की पहचान रामणी गांव निवासी कक्षा 12 की छात्रा रिया (16 वर्ष) और कक्षा 11 के छात्र सुनील (17 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों का घर घटनास्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक (एसआई) मनोज भट्ट ने बताया कि शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रेम प्रसंग व पारिवारिक विवाद का संदेह
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग या पारिवारिक विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी और वे अक्सर साथ में ही स्कूल आया-जाया करते थे।
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस की पूरी जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है।
हाल ही में सामने आया था ऐसा ही मामला
उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिनों पूर्व चमोली में परिजनों से नाराज होकर एक छात्रा और युवक ने अलकनंदा नदी में चमोली पुल से छलांग लगा दी थी, जिनकी खोजबीन अभी भी जारी है।
इस दुखद घटना से रामणी गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए ताकि सच्चाई जल्द से जल्द सामने आ सके। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।


