हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर में एक युवक की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति को अपनी पत्नी और मृतक युवक के बीच संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
मामले की सूचना 16 सितंबर 2026 को स्थानीय पार्षद के माध्यम से बनभूलपुरा पुलिस को मिली। सूचना पर पुलिस टीम जवाहर नगर पहुंची, जहां एक व्यक्ति बरामदे में मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। बताया गया कि वह पिछले करीब चार-पांच वर्षों से इसी घर में रह रहा था।
घटनास्थल पर पहुंची नैनीताल पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने जांच के दौरान मृतक के गले पर यू-आकार का निशान पाया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्राप्त तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में मु0अ0सं0 151/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत निक्की उर्फ नाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल द्वारा की गई।
सीसीटीवी और सुरागरसी के आधार पर आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेन्द्र बाल्मिकी, निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, बनभूलपुरा, उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को 17 सितंबर 2026 को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया।
दुपट्टा बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया दुपट्टा उसके कार्यस्थल मस्ता टेंट हाउस, जवाहर नगर, बनभूलपुरा से बरामद किया है।
पत्नी और अमन पर करता था शक
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, आरोपी निक्की मृतक अमन को पसंद नहीं करता था और उसे अपनी पत्नी के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर आरोपी का अपनी पत्नी और अमन से आए दिन विवाद होता था।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने इन्हीं तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी निक्की उर्फ नाटी के खिलाफ FIR संख्या 176/2025, धारा 60 आबकारी अधिनियम, थाना बनभूलपुरा में भी मामला दर्ज है।
मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


