खबर शेयर करें -

लालकुआं। बिंदुखत्ता की मिट्टी से निकलकर महज 11 साल की उम्र में अभिनय की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली बाल कलाकार भूमि रमोला इन दिनों सुर्खियों में हैं। भूमि अब Netflix की हिंदी कॉमेडी सीरीज़ ‘चुंबक’ में पिया केजरीवाल की भूमिका में नजर आ रही हैं।

भूमि की इस उपलब्धि से बिंदुखत्ता, लालकुआं और उत्तराखंड के लोगों में खासा उत्साह है। छोटी उम्र में ही टेलीविजन, फिल्मों, विज्ञापनों और OTT प्लेटफॉर्म पर काम कर चुकीं भूमि ने अपनी प्रतिभा से अलग पहचान बनाई है।

‘चुंबक’ में पिया के किरदार में नजर आ रहीं भूमि

‘चुंबक’ की कहानी मुंबई की काल्पनिक ‘चुंबक कॉलोनी’ के आसपास रहने वाले पांच पड़ोसी परिवारों की जिंदगी और उनके आपसी रिश्तों पर आधारित है। सीरीज़ में भूमि धर्मेंद्र और किरण केजरीवाल की बेटी पिया का किरदार निभा रही हैं।

यह भी पढ़ें -  अंकिता भंडारी को न्याय की मांग को लेकर लालकुआं में कैंडल मार्च, जमकर हुई नारेबाजी

पिया के किरदार को आत्मविश्वासी, बेबाक और स्पष्ट सोच रखने वाली लड़की के रूप में दिखाया गया है। कहानी में उसका अपने पिता के साथ रिश्ता भी अहम है। धर्मेंद्र का किरदार सुमीत राघवन, जबकि किरण केजरीवाल की भूमिका संदीपा धर निभा रही हैं।

सीरीज़ का निर्माण आतिश कपाड़िया और जेडी मजेठिया ने किया है और इसे हैट्स ऑफ प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है। सीरीज़ में नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, मानसी पारेख, सुमीत व्यास, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, अनंत वी. जोशी और अमायरा दस्तूर समेत कई कलाकार नजर आ रहे हैं।

एक साल में अभिनय की दुनिया में बनाई पहचान

भूमि रमोला ने साल 2024 में पॉकेट FM की ऑडियो सीरीज़ ‘एक लड़की को देखा तो’ से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की थी। इस सीरीज़ में उन्होंने रिया और आर्यन की दोहरी भूमिका निभाई थी।

यह भी पढ़ें -  टिकट मिले या न मिले, भाजपा के साथ रहूंगा: मोहन बिष्ट बोले— पार्टी नेतृत्व का हर फैसला स्वीकार, निर्दलीय चुनाव लड़ने का सवाल नहीं

इसके बाद भूमि ने कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में भी काम किया, जिनमें बैंक ऑफ बड़ौदा, ग्रोमैक्स ट्रैक्टर और स्कोडा जैसे नाम शामिल हैं।

वर्तमान में भूमि ‘चुंबक’ के अलावा सोनी सब के शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में तितली की भूमिका में भी नजर आ रही हैं। इससे पहले वह ‘उफ़्फ… ये लव है मुश्किल’ में गुजिया शर्मा के किरदार में दिखाई दी थीं।

‘वंश’ के लिए मिल चुके हैं कई पुरस्कार

भूमि की प्रतिभा सिर्फ टीवी और OTT तक सीमित नहीं है। उनकी लघु फिल्म ‘वंश’ में अभिनय के लिए उन्हें श्रेष्ठ बाल अभिनेत्री के कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें दादा साहेब फाल्के अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2025 से मिला पुरस्कार भी शामिल है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: छात्रा के सवाल पर CM धामी का बड़ा ऐलान, 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को मिलेंगे टैब

भूमि का संबंध बिंदुखत्ता और बागेश्वर के मैगड़ीस्टेज क्षेत्र से बताया जाता है। उनके पिता मनोज रमोला कास्टिंग डायरेक्टर और लेखक हैं।

बिंदुखत्ता से निकलकर मुंबई के मनोरंजन जगत तक पहुंची भूमि रमोला की यह उपलब्धि स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। महज 11 वर्ष की उम्र में बड़े OTT प्लेटफॉर्म, टीवी शो, विज्ञापनों और फिल्मों में काम कर रही भूमि आने वाले समय में अभिनय के क्षेत्र में अपनी यात्रा को और आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार सक्रिय हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad