
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के समीप यात्रियों से भरी ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईको वाहन (UK 15 TA 2152) रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। वाहन में चालक समेत कुल 12 लोग सवार थे। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने चार घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला, जबकि आठ मृतकों के शव बरामद किए गए।
सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया है।
मृतकों की सूची
-
कान्ति देवी, उम्र 45 वर्ष
-
रेखा देवी, उम्र 42 वर्ष
-
अनिल देबराडा (वाहन चालक), उम्र 48 वर्ष
-
सुमित्रा देवी, उम्र 50 वर्ष
-
सुनीता देवी, उम्र 45 वर्ष
-
धनेश्वरी देवी, उम्र 46 वर्ष
-
सरोजनी देवी, उम्र 38 वर्ष
-
रजनी देवी, उम्र 25 वर्ष
घायलों की सूची
-
शशी देवी, उम्र 35 वर्ष
-
शकुन्तला देवी, उम्र 45 वर्ष
-
जगदीश सिंह
-
सत्यवती देवी, उम्र 36 वर्ष
सभी मृतक और घायल भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं। हादसे में एक ही गांव के आठ लोगों की जान जाने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।



