
टैगोर नगर में 2 से 4 नवंबर तक होगा आयोजन, हस्तशिल्प प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रहेंगे आकर्षण का केंद्र
शक्तिफार्म। उत्तराखंड के दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शक्तिफार्म के टैगोर नगर में आज, 2 नवंबर से आंचल डेयरी के तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ होने जा रहा है। 2 से 4 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में डेयरी उत्पादों की प्रदर्शनी के साथ पशुपालन और डेयरी विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
मेले में आंचल डेयरी के विभिन्न दुग्ध उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा पशुपालकों के लिए विशेष जानकारी केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जहां आधुनिक पशुपालन तकनीक, पशुओं की देखभाल, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपाय और डेयरी विकास से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजन में स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। वहीं, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति और प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। मेले का उद्देश्य ग्रामीण उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसरों को बढ़ावा देना भी है।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि आंचल डेयरी उत्तराखंड के पशुपालकों की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार शुद्धता, गुणवत्ता और समृद्धि के मंत्र के साथ आंचल ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने आमजन, दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों से इस तीन दिवसीय मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भागीदारी करने की अपील की है।



