लालकुआं (अग्रसर भारत ब्यूरो)। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में रामगढ़ क्षेत्र की दुग्ध समिति में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह समारोह उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के जन्मोत्सव और उत्तराखंड बागवानी विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) देवेंद्र सिंह ढैला के स्वागत में आयोजित हुआ। इस दौरान दुग्ध उत्पादकों को ₹18 लाख 27 हजार का बोनस वितरित कर उनका सम्मान किया गया।
समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और मिष्ठान वितरण कर पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के दीर्घायु होने की कामना की गई। दुग्ध संघ की ओर से क्षेत्र के 15 प्रगतिशील दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट’ भी प्रदान की गई।
गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री देवेंद्र सिंह ढैला ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि डेयरी व्यवसाय में स्वच्छता और गुणवत्ता का सबसे अधिक महत्व है। उन्होंने पशुपालकों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की ताकि वे अपनी आजीविका को और मजबूत कर सकें।
दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध उत्पादकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आंचल दुग्ध संघ लगातार किसानों के आर्थिक कल्याण के लिए काम कर रहा है। आधुनिक सुविधाओं और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए उत्पादकों को आत्मनिर्भर बनाना ही संघ का मुख्य लक्ष्य है।
वरिष्ठ नेताओं और अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस गरिमामयी अवसर पर भीमताल के पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, रामगढ़ के ब्लॉक प्रमुख दीपक आर्या सहित क्षेत्र की विभिन्न दुग्ध समितियों के अध्यक्ष, सचिव, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
संस्थान की ओर से दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, मार्केटिंग मैनेजर संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, पर्वतीय क्षेत्र प्रभारी हरीश आर्या, मार्ग प्रभारी नीमा शाह, रेखा आर्या, संतोष एवं गीता पालियाल सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


