खबर शेयर करें -

लालकुआं:

​लंबे समय के इंतजार के बाद आखिरकार लालकुआं नगर पंचायत क्षेत्र में ₹38 करोड़ की बहुप्रतीक्षित सीवर लाइन और नई पेयजल योजना को धरातल पर उतारने की तैयारियां तेज हो गई हैं। योजना के सुचारु क्रियान्वयन को लेकर नगर पंचायत सभागार में उत्तराखंड पेयजल निगम, नगर पंचायत प्रशासन, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

​नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को होने वाली असुविधाओं को न्यूनतम करना था। बैठक में सभी पक्षों ने भावी रणनीति पर विस्तार से मंथन किया और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

12 किमी सीवर लाइन से 1200 परिवारों को सीधा लाभ

यह भी पढ़ें -  🚨 हल्द्वानी एसिड अटैक केस में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, मां-बेटे की उम्रकैद बरकरार; 18 माह के मासूम समेत कई लोग हुए थे प्रभावित

पेजअल निगम के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वृहद परियोजना के तहत लगभग 12 से 13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके अंतर्गत कुल 2100 कनेक्शन दिए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के 1200 से अधिक परिवारों को सीधे तौर पर सुविधा मिलेगी। परियोजना का विस्तृत नक्शा तैयार कर लिया गया है और सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

​बैठक के दौरान चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी ने स्पष्ट हिदायत दी कि पुरानी पेयजल लाइन की तरह इस बार जनता को कोई परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने सुझाव दिया कि विभाग एक वार्ड का कार्य पूरी तरह संपन्न करने के बाद ही दूसरे वार्ड में खुदाई का काम शुरू करे। पेयजल निगम के अधिकारियों ने इस सुझाव को स्वीकार करते हुए कार्य को चरणबद्ध (फेस-वाइज) तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें -  🚨 मुक्तेश्वर में पर्यटकों का टैंपो ट्रैवलर गहरी खाई में गिरा, दो की मौत; कई घायल

लगेंगे वॉटर मीटर: ₹277 में मिलेगा 20 हजार लीटर पानी

नई पेयजल व्यवस्था की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अधिशासी अभियंता शशि भूषण शाह ने बताया कि नई जलापूर्ति व्यवस्था शुरू करने से पहले सभी उपभोक्ताओं के घरों में पानी के मीटर स्थापित किए जाएंगे। योजना के तहत उपभोक्ताओं से ₹277 का मासिक फिक्स चार्ज लिया जाएगा, जिसमें 20,000 लीटर पानी का उपयोग शामिल होगा। यदि खपत 20,000 लीटर से अधिक होती है, तो प्रति 1,000 लीटर पर ₹15 का अतिरिक्त शुल्क देय होगा। वहीं, स्थानीय नगरवासियों ने पानी का बिल पहले की तरह तीन माह (तिमाही) में जारी करने की मांग रखी, जिस पर अधिकारियों ने उच्च स्तर पर वार्ता कर सकारात्मक समाधान का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें -  🚨 उत्तराखंड में SIR को लेकर बड़ी खबर: वोट पर आपत्ति का नोटिस आए तो न करें नजरअंदाज, कट सकता है मतदाता सूची से नाम

बैठक में गणमान्य नागरिक व अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम का कुशल संचालन नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया। बैठक में पेयजल निगम के ईई शशि भूषण शाह, एई वाई.एस. लसपाल, एई पुष्कर आर्य, सभासद धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, भुवन पांडे, दीप्ति पांडे, नव-नामित सभासद गौरव कपूर, विनोद श्रीवास्तव, तारा पांडे, व्यापार मंडल महामंत्री नंदन सिंह राणा, प्रकाश कुमार, जितेंद्र गुप्ता, महिला उपाध्यक्ष मीना रावत तथा भाजपा मंडल महामंत्री मीनू जीना सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad