हल्द्वानी। रामपुर रोड पर गन्ना सेंटर के समीप देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रुद्रपुर की ओर से बाइक से बरेली रोड स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा गन्ना सेंटर के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान धान मिल, बरेली रोड निवासी रुचित सक्सेना (36) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रुचित डिलीवरी बॉय का काम करते थे। वह ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में अपने रिश्तेदार के घर गए थे और देर रात बाइक से वापस हल्द्वानी लौट रहे थे।
हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लिया है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


