
हल्द्वानी। कांग्रेस विधायक हरीश धामी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने मोर्चा खोलते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार को भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हल्द्वानी स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तथ्यों की जांच की जानी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस पर नकारात्मक राजनीति करने और प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
कोश्यारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अन्याय और गलत गतिविधियों के खिलाफ हमेशा आवाज उठाता रहा है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी जनप्रतिनिधि कानून और लोकतांत्रिक व्यवस्था से ऊपर नहीं है।
युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कराने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इस दौरान जिला युवा मोर्चा के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



