ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

लालकुआं। नगर क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला सुभाष नगर के समीप दवाई फार्म क्षेत्र का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर में ही सो रहे थे, लेकिन चोरों ने इतनी शातिराना तरीके से चोरी को अंजाम दिया कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।

जानकारी के अनुसार, दवाई फार्म निवासी गोधन सिंह बिष्ट के घर में चोरी की यह घटना बीती रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद करने के बाद चोरों ने उस कमरे को निशाना बनाया, जहां परिवार की महिलाओं के आभूषण रखे हुए थे। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे बॉक्स और अन्य सामान खंगाल डाले और कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 14,857 विद्यार्थियों को मिलीं उपाधियां, 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक

गोधन सिंह बिष्ट के मुताबिक, रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर बताया कि उनके कमरों के दरवाजे बाहर से बंद हैं। इसके बाद वह ऊपर पहुंचे और कमरों की कुंडियां खोलीं। इसी दौरान उन्हें घर में चोरी होने का संदेह हुआ। जब उन्होंने जेवर रखने वाले कमरे की जांच की तो वहां ताला टूटा मिला और बॉक्स में रखे आभूषण गायब थे।

22 तोला सोना और 4 तोला चांदी के जेवरात चोरी

परिवार के अनुसार, चोर करीब 22 तोला सोने और 4 तोला चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। चोरी हुए सामान में झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली सहित कई कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की चार पायल, तीन कंगन, दो बिछुए और एक अंगूठी भी चोरी हुई है। चोरी गए जेवरात गोधन सिंह बिष्ट की पत्नी और उनकी तीन बहुओं के बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  ओखलकांडा के वारी गांव तक पहुंचेगी सड़क, कटना से मोटर मार्ग निर्माण के लिए 84 लाख रुपये मंजूर

एक सप्ताह पहले भी हुई थी चोरी की कोशिश

क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले सुभाष नगर निवासी धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी चोरों ने घुसने का प्रयास किया था। हालांकि, उस दौरान चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए थे। अब एक अन्य घर में लाखों के जेवरात चोरी होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में युवती की बेरहमी से हत्या, बोरे में बंद कर कूड़े के ढेर में फेंका शव; पहचान छिपाने के लिए चेहरा भी कुचला

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाकर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और चोरी की वारदात का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।