
66 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद के सापेक्ष हुआ बोनस वितरण, मुकेश बोरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को किया सम्मानित
लालकुआं। आगामी त्योहारों से पहले बिंदुखत्ता क्षेत्र के पशुपालकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों में कुल 42 लाख 46 हजार रुपये का बोनस वितरित किया गया। करीब 66 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद के सापेक्ष मिली इस प्रोत्साहन राशि से पशुपालकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। त्योहारों से ठीक पहले मिली आर्थिक सौगात ने उनकी खुशियों को दोगुना कर दिया।
संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और सहयोग से ही दुग्ध संघ लगातार प्रगति कर रहा है। संघ उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं और अधिक लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुकेश बोरा ने कहा कि बोनस वितरण केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि पशुपालकों की मेहनत और समर्पण का सम्मान है। इससे दुग्ध उत्पादकों का मनोबल बढ़ेगा और वे दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और उत्पादकों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान बिंदुखत्ता क्षेत्र की रावत नगर समिति में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया। वहीं खुरियाखत्ता समिति में तृतीय तथा चित्रकूट और तिवारी नगर समितियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उत्पादकों को भी बोनस एवं सम्मान प्रदान किया गया।
इस दौरान संघ की ओर से तैयार समिति प्रगति विवरण भी प्रस्तुत किया गया। इसमें वित्तीय वर्ष 2024-25, 2025-26 और 1 अप्रैल 2026 से 30 अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के माध्यम से समितियों की प्रगति एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सहायक प्रबंधक (स्टोर) मोहन चंद जोशी, एफओ शांति कोरंगा, मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद, पूरन मिश्रा, गोपाल दत्त और मोनू कुमार सहित विभिन्न दुग्ध समितियों की प्रबंध कमेटियों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष मौजूद रहे।



