ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

बिंदुखत्ता में शादी समारोह के बीच हंगामा, दहेज में कार मांगने का आरोप; ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर पुलिस को सौंपा

लालकुआं। बिंदुखत्ता में गुरुवार को एक विवाह समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब सात फेरों की रस्म से ठीक पहले दूल्हे ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे ने विवाह से किनारा कर लिया। दूल्हे के इस फैसले से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, बारात में शामिल लोग भी धीरे-धीरे मौके से खिसकने लगे। इसके बाद लड़की पक्ष के परिजनों और ग्रामीणों ने दूल्हे को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। देर रात तक मामला लालकुआं कोतवाली में चर्चा का विषय बना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता निवासी युवती का विवाह कालाढूंगी क्षेत्र के चकलुवा अंतर्गत पूरनपुर गांव निवासी स्वर्गीय चंदन राम के पुत्र उमेश के साथ तय हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले करीब एक वर्ष से मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत हो रही थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि इस दौरान युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था, लेकिन परिवार ने उसकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया।

गुरुवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बारात धूमधाम से बिंदुखत्ता के तिवारीनगर नर्सरी गांव पहुंची। लड़की पक्ष ने बारात का स्वागत किया। इसके बाद बारातियों ने भोजन किया और जयमाला की रस्म भी हंसी-खुशी संपन्न हुई। विवाह स्थल पर दोनों पक्षों के परिजन और रिश्तेदार सात फेरों की तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच अचानक दूल्हे ने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया और मंडप छोड़कर जाने लगा।

दूल्हे के इस अप्रत्याशित फैसले से समारोह में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह विवाह के लिए तैयार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने जबरन शादी कराए जाने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी लड़की पक्ष पर होने की बात भी कही। देखते ही देखते विवाह की खुशियां तनाव और विवाद में बदल गईं।

उधर, दूल्हे के शादी से इनकार करते ही बारात में शामिल लोग भी धीरे-धीरे विवाह स्थल से जाने लगे। इससे लड़की पक्ष में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने दूल्हे को घेरकर पकड़ लिया और बिंदुखत्ता पुलिस चौकी ले गए। चौकी प्रभारी गौरव जोशी ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद दूल्हे को लालकुआं कोतवाली लाया गया।

देर रात तक लड़की पक्ष के परिजन और ग्रामीण कोतवाली में मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने के चलते दूल्हे ने विवाह की अंतिम रस्मों से ठीक पहले शादी से इनकार किया है। लड़की पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।

दूल्हे को हिरासत में लिया, शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। लड़की पक्ष की ओर से दहेज की मांग किए जाने संबंधी शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि सहमति नहीं बनती है तो प्राप्त तहरीर के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।