ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

गुजरात। गुजरात के कच्छ जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने उत्तराखंड को गहरे शोक में डुबो दिया है। शनिवार देर रात हुए इस भीषण हादसे में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं। हादसे में गढ़वाल रेजिमेंट में तैनात एक सैन्य जवान, उनकी पत्नी और महज तीन महीने की बेटी की भी मौत हो गई। एक ही हादसे में सात जिंदगियां खत्म होने से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सभी लोग गुजरात के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सफेद रण घूमने के बाद खावड़ा से भुज की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान शनिवार रात करीब 9:30 बजे वेकरिया के रण क्षेत्र के पास उनकी उत्तराखंड नंबर की कार सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सेना के जवान समेत परिवार के तीन सदस्यों की मौत

इस हृदयविदारक दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। सौरभ सिंह नेगी गढ़वाल रेजिमेंट में सेना के जवान थे। परिवार के तीनों सदस्यों की एक साथ मौत की खबर से उनके परिचितों और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे में राजेश सिंह रावत (35), उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता, रिंकी गोसाईं (30) और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका की भी जान चली गई। इस दुर्घटना ने कई परिवारों को ऐसा गहरा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।

कार के दो टुकड़े हुए, मलबे में फंसे थे शव

दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर से टकराने के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और प्रशासन तथा बचाव दल ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार के मलबे में शव बुरी तरह फंसे होने के कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भुज स्थित जीके जनरल अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद सेना के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। वहीं, पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को मिलेगी 2-2 लाख की सहायता

गुजरात में हुए इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। गुजरात में हुए इस हादसे ने उत्तराखंड के कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। तीन महीने की मासूम शिविका समेत सात लोगों की असमय मौत से पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।