ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, 2 नवंबर। रामपुर रोड पर टांडा जंगल के एस-मोड़ के पास सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में बेतालघाट क्षेत्र में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी भी शामिल हैं। घायलों को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में शोक छा गया।

अस्पताल पहुंचने पर दो को मृत घोषित किया
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे टांडा जंगल में एस-मोड़ से कुछ दूरी पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और चारों घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य का उपचार शुरू किया गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में 5,222 सरकारी पदों पर भर्ती की तैयारी तेज, पुलिस से लेकर शिक्षक और फॉरेस्ट गार्ड तक मिलेंगे नौकरी के अवसर

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय सौरभ बिष्ट पुत्र स्वर्गीय कुंदन सिंह बिष्ट निवासी मंगोलिया, कालाढूंगी तथा 29 वर्षीय राजीव गुप्ता पुत्र कृष्ण मुरारी लाल निवासी वार्ड नंबर छह, रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है। सौरभ बिष्ट नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। हादसे के समय वह अपने साथी बृजेश सती के साथ रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर आ रहे थे।

शादी का निमंत्रण बांटकर घर लौट रहे थे राजीव
दूसरी बाइक पर राजीव गुप्ता अपने बहनोई 50 वर्षीय प्रेम शंकर शर्मा के साथ सवार थे। बताया गया कि राजीव अपनी भांजी भावना की 15 नवंबर को होने वाली शादी का निमंत्रण देने के लिए हल्द्वानी आए थे। रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र बांटने के बाद वह अपने बहनोई के साथ रुद्रपुर स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं: यहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल

शादी की तैयारियों में जुटे परिवार पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। जिस घर में मांगलिक आयोजन की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब इस दुर्घटना के कारण मातम पसरा हुआ है।

दो घायलों का उपचार जारी, एक की हालत नाजुक
दुर्घटना में 32 वर्षीय बृजेश सती पुत्र जगदीश चंद्र सती निवासी कालाढूंगी बंदोबस्ती तथा 50 वर्षीय प्रेम शंकर शर्मा पुत्र गंगाधर शर्मा निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। बृजेश सती की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने पर राजीव गुप्ता के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

यह भी पढ़ें -  लालकुआं: यहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, गंभीर रूप से घायल

ओवरटेक के दौरान भिड़ंत की आशंका
हल्द्वानी के थानाध्यक्ष विजय मेहता ने बताया कि दुर्घटना में घायल चारों लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। नगर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं, जबकि घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान दोनों बाइकों की भिड़ंत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।