ADVERTISEMENTS Ad
खबर शेयर करें -

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गरुड़ तहसील के नरगोडी गांव में रिश्तों का खून करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक भतीजे ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने ही सगे चाचा और चाची की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

एक के बाद एक हमले से दहला परिवार

जानकारी के मुताबिक, आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया ने कथित तौर पर घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद वह नीचे के कमरे में पहुंचा और अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया को भी निशाना बनाया। अचानक हुए इन हमलों से परिवार में चीख-पुकार मच गई। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते घर में मातम छा गया।

यह भी पढ़ें -  दिल्ली महारैली को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने झोंकी ताकत, गणेश गोदियाल बोले— प्रदेश से पहुंचेंगे 20 हजार से अधिक कार्यकर्ता

बच्ची को लेकर कमरे में बंद हुई महिला, किसी तरह बचाई जान

हमले की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान चाचा की बहू दर्शनी देवी ने आरोपी को रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी तीन-चार वार कर दिए। जान पर बन आई तो दर्शनी देवी अपनी मासूम बच्ची को लेकर एक कमरे में बंद हो गई और अंदर से कुंडी लगा ली। काफी मशक्कत के बाद वह किसी तरह दूसरी ओर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने चाचा-चाची को मृत घोषित किया

यह भी पढ़ें -  शक्तिफार्म में आज से शुरू होगा आंचल डेयरी का तीन दिवसीय मेला, पशुपालकों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी

घटना के बाद ग्रामीणों ने तीनों घायलों को आनन-फानन में सीएचसी बैजनाथ पहुंचाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है। एक ही परिवार में दो मौतों और एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें, फिर भी नहीं थमा विवाद!

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी शराब के नशे में अक्सर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था। बताया जा रहा है कि करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इतना ही नहीं, घटना से एक दिन पहले भी उसके व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो आरोपी घायल; हथियार बरामद

दो हत्याओं के बाद आरोपी फरार, तलाश में जुटीं पुलिस की चार टीमें

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित किए जाने की जानकारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रही है।

फिलहाल इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, पहले से चले आ रहे विवाद और शिकायतों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक ही परिवार के रिश्ते खून से रंग गए? क्या पहले मिली शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई होती तो इस दर्दनाक घटना को रोका जा सकता था? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

By पंकज शर्मा

निष्पक्ष, सटीक और त्वरित समाचार आप तक पहुँचाने के संकल्प के साथ 'अग्रसर भारत' की नींव रखी गई है। डिजिटल मीडिया पत्रकारिता (DJNM) में प्रशिक्षित संपादक पंकज शर्मा के नेतृत्व में हमारा लक्ष्य हर खबर को उसकी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ आपके सामने लाना है।