
लालकुआं। नगर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर स्थित डीपीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत 38 वर्षीय राजीव कश्यप बाइक से वीआईपी गेट क्षेत्र से लालकुआं की ओर आ रहे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर में जैन ट्रांसपोर्ट के सामने पंतनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजीव कश्यप बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें नगर के एक निजी क्लीनिक पहुंचाया।
निजी क्लीनिक के चिकित्सक डॉ. विजय विश्वास ने बताया कि घायल युवक के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।



