रामनगर/भीमताल (अग्रसर भारत डेस्क):
हनुमान जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य पर रामनगर के छोई स्थित श्री हनुमान धाम में भक्ति का भव्य समागम देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ भीमताल विधायक एवं वर्तमान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विशेष रूप से शिरकत की। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने बजरंगबली के चरणों में विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं भीमताल विधानसभा की सुख-समृद्धि हेतु प्रार्थना की।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने इस दौरान अपनी विधानसभा की खुशहाली और जन-जन के कल्याण हेतु विशेष मन्नत मांगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में मंदिर परिसर में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि हनुमान जी के दरबार में हाजिरी केवल उनकी इच्छा से ही संभव है। उन्होंने राम सिंह कैड़ा सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए इस अवसर को सौभाग्यपूर्ण बताया।

भीमताल के लोकप्रिय विधायक और कैबिनेट मंत्री श्री कैड़ा ने भी श्रद्धालुओं के साथ भंडारा कार्यक्रम में सहभागिता की और हनुमान जन्मोत्सव की बधाई दी। भारी संख्या में उपस्थित भक्तों के बीच श्री कैड़ा की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनता में नई ऊर्जा का संचार किया। पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह आस्था के रंग में सराबोर नजर आया।


