लालकुआं। नगर के वार्ड नंबर 4 (आजाद नगर) में पारिवारिक विवाद से तंग आकर एक महिला ने संदेहास्पद परिस्थितियों में विषैले पदार्थ का सेवन कर लिया। उपचार के दौरान महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजू दिवाकर की 30 वर्षीय पत्नी आशा ने गृह क्लेश के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में उन्हें स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मासूमों के सिर से उठा मां का साया
मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गई है, जिनमें 10 वर्षीय बेटा प्रिंस, 8 वर्षीय बेटी वैशाली और 6 वर्षीय बेटा रितिक शामिल हैं। मृतका का पति पेशे से ऑटो चालक है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों के कारण महिला को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।


