
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। बेटे को पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने से नाराज एक महिला ने रविवार शाम रुद्रपुर के त्रिशूल चौक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। महिला को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक महिला को समझाने का प्रयास किया। सीओ विभव सैनी की लगातार बातचीत और समझाइश के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
छेड़छाड़ के आरोप में बेटे को पूछताछ के लिए बुलाया था थाने
जानकारी के अनुसार, महिला के बेटे पर एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद दिनेशपुर थाना पुलिस ने युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। बेटे के पीछे-पीछे उसकी मां भी थाने पहुंच गई। बताया जा रहा है कि काफी देर तक बेटे को थाने से नहीं छोड़े जाने पर महिला नाराज हो गई।
इसके बाद महिला रुद्रपुर पहुंची और त्रिशूल चौक के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीओ विभव सैनी ने फोन के माध्यम से महिला से लगातार बातचीत की और उसे नीचे उतरने के लिए मनाया। काफी प्रयासों के बाद महिला ने उनकी बात मान ली और सुरक्षित नीचे उतर आई।
पुलिस के भीड़ हटाने पर मची भगदड़, कई लोग चोटिल
महिला के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। टावर के आसपास तमाशबीनों की भीड़ बढ़ने से पुलिस के सामने भीड़ नियंत्रण की चुनौती खड़ी हो गई। पुलिसकर्मियों ने जब लोगों को मौके से हटाने का प्रयास किया तो वहां अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी में कई लोग जमीन पर गिरकर चोटिल हो गए।
त्रिशूल चौक पर लगा जाम, यातायात व्यवस्था प्रभावित
घटना के चलते त्रिशूल चौक और आसपास के मार्गों पर भी लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहनों और लोगों के एकत्र होने से यातायात प्रभावित हुआ तथा वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने लोगों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया।
फिलहाल इस घटनाक्रम के चलते रुद्रपुर के त्रिशूल चौक क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।



