
लालकुआं। बिंदुखत्ता के संजय नगर में दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में आयोजित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव लोक संस्कृति के विविध रंगों से सराबोर रहा। कुमाऊंनी लोकगीतों, पारंपरिक संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर बिंदुखत्ता भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला भी पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के साथ मौजूद रहे। उन्होंने महोत्सव में सहभागिता करते हुए लोक संस्कृति के संरक्षण और क्षेत्रीय परंपराओं को आगे बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि लोक संस्कृति किसी भी समाज की पहचान और उसकी जड़ों का आधार होती है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
कोश्यारी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति अत्यंत समृद्ध है। यहां के लोकगीतों, लोककलाओं और पारंपरिक विधाओं में पहाड़ की मिट्टी की सुगंध तथा जनजीवन की सजीव झलक दिखाई देती है। इस अमूल्य विरासत का संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लोक कलाकार अपनी कला के माध्यम से समाज की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखते हैं। उनके गीत और योगदान सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहेंगे।
बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री से करेंगे वार्ता

महोत्सव के दौरान कोश्यारी ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में वह विशेष प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही केंद्रीय गृहमंत्री को पूरे प्रकरण से अवगत कराते हुए क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा कराने के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। उनके इस आश्वासन से क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है।
महोत्सव में स्थानीय लोक कलाकारों ने कुमाऊंनी लोकगीतों और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक विरासत के विविध रंग बिखेरे। प्रस्तुतियों में पहाड़ की संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक जीवन और लोक आस्था की मनोहारी झलक देखने को मिली। सुबह से शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा और दर्शक पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
लोकथात महोत्सव ने दिवंगत लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ ही स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया। साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया।



