गोरापड़ाव (लालकुआं)। नेशनल हाईवे पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक अनियंत्रित कैंटर ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में लालकुआं के प्रसिद्ध समाजसेवी और अंतरराष्ट्रीय कराटे कोच उदयवीर सिंह के 16 वर्षीय मेधावी पुत्र सिद्धार्थ की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, उनका दूसरा साथी अयान खान (20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है, जो इस समय हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर (जीवन रक्षक प्रणाली) पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
धू-धू कर जली बाइक, मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा गोरापड़ाव क्षेत्र में उस समय हुआ जब दोनों युवक हल्द्वानी से लालकुआं की ओर आ रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक क्षतिग्रस्त होकर धू-धू कर जलने लगी। राहगीरों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया। अयान की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत निजी अस्पताल रेफर किया गया।
प्रशासन की लापरवाही पर भड़के लोग
इस हृदयविदारक घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस फोर-लेन सड़क का निर्माण किया है, तब से तीनपानी से लेकर गोरापड़ाव तक का यह हिस्सा ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है।
क्षेत्रवासियों का आरोप: “हम पिछले एक साल से इस मार्ग पर बेतरतीब ट्रैफिक, बेलगाम भारी वाहनों और रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों पर लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग की अनदेखी के कारण आए दिन यहाँ मासूम लोग असमय अपनी जान गंवा रहे हैं।”
फिलहाल, इस दुखद खबर से कराटे कोच उदयवीर सिंह के परिवार सहित पूरे लालकुआं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


