
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की, जबकि विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से नवाजा गया।
समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण और शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की जा रही हैं। समारोह में दिए गए 36 स्वर्ण पदकों में 30 विश्वविद्यालय स्तर के, दो कुलाधिपति स्तर के और चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इस वर्ष विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है।
कुलपति ने विश्वविद्यालय की सामाजिक गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि 231 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई है। इसके अलावा एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गई हैं। विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए आठ गांवों में ‘गांव गौरव’ और ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’ ऐप और ‘उत्तरावाणी’ जैसी पहल भी विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।

राज्यपाल ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया
अपने अध्यक्षीय संबोधन में राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत भी है।
उन्होंने शिक्षा को चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और सामाजिक संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और नशे से दूर रहने की अपील की।
राज्यपाल ने उत्तराखण्ड में पलायन की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर विकसित करके इस चुनौती का समाधान किया जा सकता है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय से इन क्षेत्रों में शोध और कौशल विकास को बढ़ावा देने की अपेक्षा जताई।
युवाओं को एआई और आधुनिक तकनीकों में आगे बढ़ने की सलाह
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति और राष्ट्र का समग्र विकास करना है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ शोध, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं से नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार सृजन करने वाला बनने का आह्वान किया।
वहीं, प्रो. नागेश्वर राव ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा को उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए आजीवन सीखने और व्यक्तिगत विकास की भावना को अपनाने की अपील की।
अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि, आठ शोधार्थियों को पीएचडी
समारोह में भारतीय रेल सेवा के वर्ष 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को प्रशासनिक, प्रबंधकीय और व्यावसायिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई।
अश्वनी लोहनी रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ऐतिहासिक ‘फेयरी क्वीन’ भाप इंजन के पुनरुद्धार एवं संचालन में उनके योगदान के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।
पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले आठ शोधार्थियों में किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी और मयूर बघरवाल शामिल रहे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध कार्यों के लिए प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया।

36 मेधावी विद्यार्थियों को मिले स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। स्नातक स्तर पर शिवर्णा धौनी, मोहित गुनसोला, मोनिका खत्री, विनीता अग्रि, तनुजा चुफाल, संगीता लिम्बू और जितेन्द्र सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थी सम्मानित हुए।
वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर सोनिया नेगी, वंदना ध्यानी, वंशिता अग्रवाल, सरिता पालनी, भूमिका मनराल, अंजू कपरी, हिमांशु उप्रेती, नीलम जोशी, प्रियंका शर्मा, ललित कांडपाल, पवन ममगाईं और प्रेरणा भट्ट सहित अन्य विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।
लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ की ओर से भी तीन प्रायोजित स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें स्नातक स्तर पर अपराजिता जोशी, परास्नातक स्तर पर प्रेरणा भट्ट और एम.कॉम. में पवन ममगाईं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विशेष शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तनुजा चुफाल को कल्याण भवति समिति पदक हेतु चयनित किया गया।
समारोह के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



