नैनीताल। भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने गुरुवार को श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने शस्त्रागार, संचार और परिवहन शाखा में पुलिस के दैनिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाले शस्त्रों, मशीनों, औजारों और अन्य उपकरणों का पूजन किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। पुलिस बल के इस्तेमाल में आने वाले शस्त्रों और उपकरणों की सुरक्षा, कार्यक्षमता तथा सुचारु संचालन की कामना भी की गई। कार्यक्रम के बाद पुलिसकर्मियों को प्रसाद और मिष्ठान वितरित किया गया।
SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती कर्तव्य के प्रति निष्ठा, कौशल, अनुशासन और समर्पण की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए शस्त्र और उपकरण जनसेवा तथा सुरक्षा व्यवस्था के महत्वपूर्ण साधन हैं। ऐसे में इनका सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण और उचित तरीके से इस्तेमाल करना प्रत्येक पुलिसकर्मी का महत्वपूर्ण दायित्व है।
कार्यक्रम में एसपी ऑफिस/संचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह समेत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जिलेभर की पुलिस इकाइयों में भी हुआ पूजन
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर नैनीताल जिले के विभिन्न पुलिस कार्यालयों, कोतवाली, थानों, चौकियों और अन्य पुलिस इकाइयों में भी पूजा-अर्चना की गई। शस्त्रागार, वर्कशॉप और कार्यस्थलों पर शस्त्रों, मशीनों एवं अन्य उपकरणों का विधिवत पूजन कर उनके सुरक्षित और सुचारु संचालन की कामना की गई।


