नैनीताल (अग्रसर भारत)। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 31 अगस्त 2026 (सोमवार) को नैनीताल जिले के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर होने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग की इस चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश की घोषणा की है।
ऑरेंज अलर्ट के चलते लिया गया सुरक्षात्मक निर्णय
वर्तमान में नैनीताल जनपद के पर्वतीय एवं मैदानी दोनों क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जल प्रवाह काफी तेज हो गया है, साथ ही संवेदनशील स्थलों पर भू-स्खलन (लैंडस्लाइड) की आशंका बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल, ललित मोहन रयाल ने 31 अगस्त 2026 को अवकाश का आदेश जारी किया है।
इन संस्थानों पर लागू रहेगा आदेश:
- स्कूल व आंगनबाड़ी बंद: जनपद नैनीताल के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय (सरकारी), अर्द्धशासकीय और निजी (प्राइवेट) विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक) तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 31 अगस्त (सोमवार) को 01 दिवसीय अवकाश रहेगा।
- शिक्षकों व स्टाफ की भी छुट्टी: विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
- आवासीय विद्यालयों में छूट: यह आदेश नैनीताल शहर के अंतर्गत संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थाओं/विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहाँ छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है।

आदेश का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। आदेश का विचलन या उल्लंघन किए जाने की स्थिति में संबंधित संस्था/प्रबंधन के विरुद्ध आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


