
लालकुआं। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले लालकुआं की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल रही है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने वाली पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी ने एक बार फिर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और पार्टी के प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
संध्या डालाकोटी की कांग्रेस में वापसी को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। उनके पार्टी में शामिल होने से लालकुआं विधानसभा सीट पर कांग्रेस के संभावित दावेदारों की सूची में एक और नाम जुड़ गया है। इससे पार्टी के भीतर टिकट को लेकर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने शुरुआत में संध्या डालाकोटी को लालकुआं सीट से अपना प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बाद में उनका टिकट बदलकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को उम्मीदवार घोषित कर दिया गया था। इस फैसले से नाराज होकर संध्या डालाकोटी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतर गई थीं। उस समय उनके इस फैसले ने लालकुआं की चुनावी राजनीति को काफी प्रभावित किया था।
अब करीब चार साल बाद उनकी कांग्रेस में वापसी ने राजनीतिक समीकरणों को फिर चर्चा में ला दिया है। आगामी चुनाव में वह पार्टी के भीतर से अपनी दावेदारी पेश करती हैं या संगठन में कोई अन्य जिम्मेदारी निभाती हैं, यह आने वाला समय तय करेगा। फिलहाल उनकी वापसी से लालकुआं में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों और संभावित टिकट की लड़ाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



