देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से निर्वाचन संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने और आवश्यक कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए।
मतदान केंद्रों पर सुविधाओं की होगी समीक्षा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय समेत अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए, ताकि चुनाव के दौरान मतदाताओं और मतदान कार्मिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान चुनाव में तैनात होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मास्टर ट्रेनरों की व्यवस्था तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य मतदान प्रक्रिया में शामिल कार्मिकों को निर्वाचन संबंधी नियमों और प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराना है।
SVEEP के तहत बढ़ेगा मतदाता जागरूकता अभियान
बैठक में SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) के तहत चलाए जाने वाले मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को बूथ और विधानसभा स्तर पर मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा बूथ एवं विधानसभा स्तर पर आवश्यक कर्मचारियों और वाहनों की उपलब्धता की जानकारी भी जिलाधिकारियों से ली गई।
SIR अभियान की प्रगति की समीक्षा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में SIR अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने अभियान से संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा सभी स्तरों पर नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों से निर्वाचन तैयारियों को लेकर आपसी समन्वय के साथ काम करने को भी कहा गया।
अगले महीने वरिष्ठ अधिकारी कर सकते हैं उत्तराखंड का दौरा
बैठक में बताया गया कि आगामी माह निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उत्तराखंड का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा किए जाने की संभावना है। इसे देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।


