
रामनगर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रामनगर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव में दावेदारी की तैयारी कर रहे राहुल सिंह दरम्वाल ने रविवार को क्षेत्र में विशाल रैली निकालकर अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनसमर्थन का प्रदर्शन किया। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और स्थानीय ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
रैली के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि वह लंबे समय से जनता के बीच रहकर क्षेत्रीय समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रामनगर विधानसभा क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण इलाकों की बुनियादी सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है।
दरम्वाल ने बताया कि वह अपने युवा साथियों के साथ टीम बनाकर लगातार जनहित के मुद्दों पर काम कर रहे हैं। उनका उद्देश्य क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और जनता की आवाज को मजबूत करना है।
उन्होंने दावा किया कि बिना किसी राजनीतिक दल के बैनर के आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा शक्ति और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है और ऐसे जनप्रतिनिधि की अपेक्षा रखती है, जो स्थानीय समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करे।
वहीं, विधानसभा चुनाव से पहले राहुल सिंह दरम्वाल के इस शक्ति प्रदर्शन ने रामनगर के सियासी माहौल में नई हलचल पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि आगामी चुनाव में उनकी राजनीतिक सक्रियता क्या रंग लाती है।



