खबर शेयर करें -

दिसंबर तक अधिकांश योजनाएं पूरी करने का लक्ष्य, नहर कवरिंग, बिंदुखत्ता विद्युतीकरण और गौला कटाव के कार्यों में तेजी लाने को कहा

लालकुआं। विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति को लेकर मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि दिसंबर तक अधिकांश विकास कार्य पूरे किए जाएं, जबकि जिन कार्यों में अतिरिक्त समय की आवश्यकता है, उन्हें जनवरी तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं में अनावश्यक देरी या लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

नहर कवरिंग और सड़क चौड़ीकरण पर जोर

समीक्षा के दौरान नहर कवरिंग के कार्यों को लेकर विशेष चर्चा हुई। विधायक ने तीनपानी से मोतीनगर तथा लालकुआं की बंगाली कॉलोनी में भोला मंदिर जाल से स्लीपर फैक्ट्री तक नहर को कवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नहर की कवरिंग की ऊंचाई सड़क के स्तर के अनुरूप रखी जाए, जिससे भविष्य में सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध हो सके।

यह भी पढ़ें -  नैनीताल नंदा-सुनंदा महोत्सव में पहुंचे सीएम धामी, देवी की पूजा कर बोले- ‘विकास भी और विरासत भी’

इसके अलावा गुमटी लालकुआं से तीनपानी तक प्रस्तावित नहर निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने को कहा गया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की नियमित निगरानी करने को कहा।

गौला कटाव से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्यों पर जोर

गौला नदी के किनारे हो रहे भू-कटाव को लेकर भी बैठक में गंभीरता से चर्चा हुई। विधायक ने प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक कार्य दोबारा शुरू कराने और आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने काठगोदाम के समीप क्षतिग्रस्त गौलापार समानांतर नहर के निर्माण कार्य को भी शीघ्र शुरू कर पूरा करने को कहा, ताकि क्षेत्र में इससे जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सके।

यह भी पढ़ें -  रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन ने जॉइंट कमिश्नर से की मुलाकात, व्यापारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

मोटाहल्दू जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान

मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के पास जलभराव की समस्या को लेकर विधायक ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्या का केवल अस्थायी समाधान करने के बजाय स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मोटाहल्दू में जमरानी नहर पर बनाई गई पुलिया के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी का भी संज्ञान लिया गया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो।

बिंदुखत्ता विद्युतीकरण में तेजी लाने के निर्देश

बिंदुखत्ता में चल रहे विद्युतीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता से सीधे जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।

यह भी पढ़ें -  नैनीताल में 23 सितंबर को स्कूल-कॉलेज बंद, नंदा देवी महोत्सव के समापन पर डीएम ने घोषित किया अवकाश

विधायक ने अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन योजनाओं की नियमित समीक्षा के साथ-साथ अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा का पालन जरूरी है, लेकिन इसके साथ निर्माण की गुणवत्ता से भी कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी और संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्य समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करनी होगी।

बैठक में उप जिलाधिकारी रेखा कोहली, जमरानी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विनोद भंडारी, वीरेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता महेश कुमार खरे, यूपीसीएल के नीरज आर्य और एसडीओ सौरभ जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण जोशी, जिला कार्यकारिणी सदस्य हरीश नैनवाल, विक्की पाठक, अभिषेक, धीरज भट्ट समेत अन्य कार्यकर्ता भी बैठक में उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad