लालकुआं (अग्रसर भारत ब्यूरो):
लालकुआं के अंबेडकर नगर (वार्ड संख्या-1) से एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाली एक 20 वर्षीय विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते घर के भीतर फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस अप्रत्याशित घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
विवाह का एक वर्ष पूरा होते ही घटी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकुआं के अंबेडकर नगर (वार्ड संख्या-1) निवासी मोहीन खान की 20 वर्षीया पत्नी अंजुम (पारिवारिक नाम ज्योति) की आज सुबह संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, पिछले वर्ष मई माह में ही दोनों का विवाह हुआ था। ठीक एक वर्ष पूरा होते ही युवती की इस तरह संदिग्ध मौत हो जाने से जहां ससुराल पक्ष में कोहराम मचा है, वहीं क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं आम हैं।
कोतवाल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के तुरंत बाद आनन-फानन में इसकी सूचना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मामले की संवेदनशीलता और मायके पक्ष के आरोपों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फॉरेंसिक टीम (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, मौके पर काटा हंगामा
मृतका का मायका हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में है। बेटी की मौत की खबर सुनते ही रोते-बिलखते मायके पक्ष के लोग भारी संख्या में लालकुआं पहुंच गए। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और हत्या का खुला आरोप लगाते हुए घर पर जमकर हंगामा काटा। मायके पक्ष का साफ तौर पर कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
पुलिस का बयान (प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा):
“शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया गया है और इसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मायके पक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फॉरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू की गहनता से तफ्तीश कर रही है।”


