हल्द्वानी/चोरगलिया। चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने छह दिन की लगातार तलाश के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और सर्विलांस की मदद से बालिकाओं की लोकेशन का पता लगाया और हिमाचल पहुंचकर उन्हें बरामद किया।
जानकारी के अनुसार 18 सितंबर को चोरगलिया क्षेत्र निवासी परिवार ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी दो नाबालिग बेटियां सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। तलाश करने पर पता चला कि दोनों स्कूल भी नहीं पहुंची थीं। उनके साथ एक अन्य बालिका के भी जाने की जानकारी सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके साथ ही जिले के सभी थानों और डीसीआरबी को सूचना भेजकर बालिकाओं की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी उनकी जानकारी साझा की।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बालिकाओं की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम और रुद्रपुर सहित कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाती हुई दिखाई दीं, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से उनकी संभावित लोकेशन का पता लगाया।
लगातार निगरानी और जांच के बाद पुलिस को तीनों बालिकाओं की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम हिमाचल पहुंची और 24 सितंबर को तीनों को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में बालिकाओं ने नौकरी की तलाश में घर से बाहर जाने की बात बताई। पुलिस जांच में फिलहाल किसी अनहोनी की बात सामने नहीं आई है। बरामदगी के बाद बालिकाओं की काउंसलिंग कराई गई और नाबालिगों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कई दिनों से बेटियों की तलाश में परेशान परिवारों को उनके सकुशल मिलने की सूचना से राहत मिली। परिजनों ने नैनीताल पुलिस की कार्रवाई और टीम के प्रयासों के लिए आभार जताया।
बरामदगी अभियान में थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा, उपनिरीक्षक गौरव जोशी, अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, कांस्टेबल मुस्तफा अंसारी, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा और महिला कांस्टेबल सुमन राणा शामिल रहे।


