
लालकुआं (नैनीताल)। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और लालकुआं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के बीच चल रहा विवाद अब प्रदेश स्तर पर पहुंच गया है। अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने और उनके साथ कथित अभद्रता किए जाने से नाराज उत्तराखंड निकाय संगठन ने पुलिस प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की है। शुक्रवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
कोतवाल पर कार्रवाई और मुकदमा निरस्त करने की मांग
उत्तराखंड निकाय संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में एसएसपी से मिले प्रतिनिधिमंडल ने लालकुआं प्रकरण को लेकर कड़ा विरोध जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को निरस्त करने, संबंधित कोतवाली प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी।
संगठन ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा। पदाधिकारियों का कहना था कि इस घटनाक्रम से प्रदेशभर के निकाय प्रतिनिधियों में नाराजगी है।
एसएसपी ने एसपी सिटी को सौंपी जांच
निकाय संगठन की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पूरे मामले की जांच एसपी सिटी हरबंस सिंह को सौंप दी है। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ शालीनता एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और जनप्रतिनिधि दोनों ही प्रशासनिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं। ऐसे में दोनों के बीच बेहतर समन्वय, आपसी सम्मान और संवाद बना रहना जरूरी है।
कई निकायों के अध्यक्ष और पदाधिकारी रहे मौजूद
एसएसपी से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद वर्मा, महामंत्री सुरेंद्र सिंह लोटनी, बाजपुर की कौशल्यपुरी के अध्यक्ष राजीव सैनी, नगला नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला, गदरपुर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर, नैनीताल पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, कालाढूंगी पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा और भवाली नगर पालिका अध्यक्ष पंकज आर्य समेत विभिन्न निकायों के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी शामिल रहे।
लालकुआं में नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली प्रभारी के बीच शुरू हुआ विवाद अब प्रशासनिक जांच और निकाय संगठन के विरोध के बीच पहुंच गया है। एसपी सिटी की जांच रिपोर्ट और पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।



