
लालकुआं (नैनीताल)। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और पुलिस प्रशासन के बीच चल रहा विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों के संचालन को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद लालकुआं पुलिस ने गुरुवार, 12 नवंबर को अध्यक्ष के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें अवैध वसूली, धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और यातायात बाधित करने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
पहला मुकदमा: किसान ने लगाए अवैध वसूली के आरोप
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर (रामपुर, उत्तर प्रदेश) निवासी किसान एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक इंदरजीत सिंह की शिकायत पर एफआईआर संख्या 0177 दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 11 नवंबर की सुबह वह अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पराल लेकर जा रहा था, तभी नगर पंचायत अध्यक्ष ने रास्ते में उसका वाहन रोक लिया।
आरोप है कि इस दौरान वाहन और पराल छोड़ने के बदले पैसों की मांग की गई तथा रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 308(4) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट को सौंपी है।
दूसरा मुकदमा: यातायात बाधित करने और सरकारी कार्य में बाधा का आरोप
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस की ओर से एफआईआर संख्या 0178 दर्ज कराई गई है। पुलिस का आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली के सामने खड़ा करवाने और पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद रास्ता खाली नहीं करने से मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटा 45 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने, रास्ता अवरुद्ध करने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में BNS की धारा 126(2), 221 और 352 के तहत कार्रवाई की गई है।
धरने और कार्य बहिष्कार के बाद बढ़ा था विवाद
गौरतलब है कि 11 नवंबर को ओवरलोड वाहनों की आवाजाही के दौरान बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होने के मामले के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष और कोतवाली प्रभारी के बीच विवाद गहरा गया था। इसके विरोध में अध्यक्ष ने समर्थकों और पूर्व सैनिकों के साथ कोतवाली में धरना दिया था। साथ ही नगर की सफाई और प्रकाश व्यवस्था ठप कर कार्य बहिष्कार की चेतावनी भी दी गई थी।
हालांकि, बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और नगर की व्यवस्थाएं बहाल करने पर सहमति बनी। अब अध्यक्ष के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने के बाद लालकुआं में यह मामला फिर चर्चा का विषय बन गया है।
नोट: एफआईआर में लगाए गए आरोप हैं, जिनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।



