खबर शेयर करें -

हल्द्वानी : एक बैंक्वेट हॉल में दूल्हे को लेने जा रहे बग्गी वाले को तेज रफ्तार ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक बग्गी चालक के दोनों पैरों पर चढ़ गया। राहगीरों ने लहूलुहान घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जटपुरा, अजीबनगर रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी शाहिद (55 वर्ष) पुत्र अब्दुल नवी शादी और धार्मिक जुलूस आदि में घोड़ा बग्गी चलाता है।

यह भी पढ़ें -  🌧️ उत्तराखंड में अलर्ट: 31 जुलाई को भारी बारिश का खतरा, प्रशासन पूरी तरह सतर्क कई जिलों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की आशंका, स्कूल बंद और हाई हिमालयी क्षेत्रों में रोक

एक महीना पहले शाहिद घोड़ा बग्गी लेकर रोजगार की तलाश में हल्द्वानी आया था। वह बनभूलपुरा थानाक्षेत्र में एक बगीचे में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक शनिवार को तीनपानी के पास से मिलन बैंक्वेट हाल में एक शादी थी। शाहिद को यहां बुकिंग मिली थी। उसे आठ बजे बग्गी लेकर दूल्हे को लेने जाना था। तीनपानी पर पहुंचते ही वह बग्गी मोड़ने लगा। इस बीच लालकुआं की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उसे चपेट में ले लिया।

यह भी पढ़ें -  ⚡ धामी सरकार का बड़ा फैसला: ₹676 करोड़ से बदलेगा उत्तराखंड का इंफ्रास्ट्रक्चर

बग्गी चालक को लोगों ने डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार को शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजन शव रामपुर ले गए। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि ट्रक चालक वाहन समेत फरार है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।