पिथौरागढ़। पनखोली के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डीडीहाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन संख्या UK 04 CC 3331 डीडीहाट से पिथौरागढ़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान पनखोली के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में दीपक चंद्र पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी खटीमा, ऊधमसिंह नगर की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई से चालक का शव बाहर निकाला।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों और वाहन स्वामी को दे दी गई है।
थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पहुंचा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


