हल्द्वानी (काठगोदाम): काठगोदाम थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दो युवकों ने मानवता को शर्मसार करते हुए एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
सामान लेने निकली थी पीड़िता, जान-पहचान का उठाया फायदा
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे की है। कक्षा 9 में पढ़ने वाली छात्रा घर के पास ही एक दुकान से सामान लेने निकली थी। इसी दौरान उसे पड़ोस में ही किराए पर रहने वाले दो युवक, मोहित (20 वर्ष) और प्रदीप (24 वर्ष), निवासी अल्मोड़ा मिले। पूर्व परिचित होने के कारण आरोपियों ने छात्रा को घुमाने के बहाने बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठा लिया।
सुनसान मार्ग पर पिलाई शराब, फिर की दरिंदगी
आरोपी किशोरी को हैड़ाखान मार्ग के एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए आरोपियों ने नाबालिग को जबरन शराब पिलाई। जब छात्रा नशे की हालत में बेसुध हो गई, तो दोनों युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया।
सर्च ऑपरेशन में बेहोश मिली छात्रा
रात 10:30 बजे तक जब छात्रा घर नहीं लौटी, तो चिंतित परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हैड़ाखान रोड पर एक संदिग्ध कार खड़ी मिली, जिसके भीतर किशोरी बेहोशी की हालत में बरामद हुई। पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस की कार्रवाई: पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस जघन्य अपराध पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया:
”मामला अत्यंत गंभीर है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना में इस्तेमाल की गई कार को सीज कर दिया गया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।”


