रुड़की। सेना में अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। अग्निवीर भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। रुड़की में 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें CEE-2027 पास कर चुके अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा।
इस भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल, ट्रेड्समैन और क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT) पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी। सेना के अनुसार उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के 20 हजार से अधिक युवाओं के रैली में शामिल होने की उम्मीद है।
किस तारीख को किस जिले की भर्ती?
क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT) के लिए भर्ती प्रक्रिया 5 से 12 अक्टूबर तक चलेगी।
- 5 अक्टूबर: अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़ और बरेली
- 6 अक्टूबर: अयोध्या
- 7 अक्टूबर: मेरठ
- 8 और 9 अक्टूबर: आगरा
- 10 अक्टूबर: लखनऊ
- 11 अक्टूबर: चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी
- 12 अक्टूबर: वाराणसी
अग्निवीर GD की तारीख
अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD) के लिए उत्तराखंड के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया 13 से 19 अक्टूबर तक होगी।
- 13 अक्टूबर: उत्तरकाशी
- 14 अक्टूबर: चमोली
- 15 अक्टूबर: टिहरी गढ़वाल
- 16 और 17 अक्टूबर: पौड़ी गढ़वाल
- 18 और 19 अक्टूबर: रुद्रप्रयाग, देहरादून और हरिद्वार
20 अक्टूबर को टेक्निकल और ट्रेड्समैन भर्ती
20 अक्टूबर को अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। इसके बाद 21 से 23 अक्टूबर तक मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
रैली के दौरान अभ्यर्थियों की दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षाओं के साथ दस्तावेज सत्यापन और बायोमेट्रिक जांच भी होगी।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
अभ्यर्थियों को रैली में एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र और 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।
इसके अलावा शैक्षिक प्रमाण पत्र, मार्कशीट, अधिवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, स्कूल चरित्र प्रमाण पत्र और अन्य लागू प्रमाण पत्र भी साथ रखने होंगे। सेना ने अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेजों के साथ तीन सेट फोटो कॉपी लाने के निर्देश दिए हैं।
सेना ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय के अनुसार ही भर्ती स्थल पर पहुंचें।


