
लालकुआं। गलत गतिविधियों का विरोध करना एक सेवानिवृत्त रेलकर्मी को भारी पड़ गया। लालकुआं की रेलवे कॉलोनी में पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों पर बुजुर्ग के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में घायल सेवानिवृत्त कर्मी ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त रेलकर्मी रमेश ने पुलिस को बताया कि बीती रात भोजन करने के बाद वह घर के बाहर हाथ धो रहे थे। इसी दौरान अचानक तीन युवक वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनकी जमकर पिटाई की।
पीड़ित के मुताबिक, तीनों युवक उनके पड़ोस में रहते हैं और गलत संगत में पड़ गए हैं। उनकी गतिविधियों का विरोध करने के कारण युवक उनसे रंजिश रखने लगे थे। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने उनके साथ मारपीट की।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
सेवानिवृत्त रेलकर्मी के साथ हुई मारपीट की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वहीं, पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



