
मोरी/उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को बेघर कर दिया। 24 नवंबर की शाम लगी आग में 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि 58 परिवार इस घटना से प्रभावित हुए हैं। आग इतनी भीषण थी कि गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। प्रशासन की अद्यतन जानकारी के अनुसार गांव के 13 मकान सुरक्षित हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी व्यक्ति की मौत या पशुधन के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
आग से भारी नुकसान, राहत-बचाव में जुटा प्रशासन
अग्निकांड की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय किया। मोरी तहसील की राजस्व टीम, फायर सर्विस, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इस घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने, खाने-पीने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है। बड़ी संख्या में आवासीय मकान जलने के कारण ग्रामीणों को तत्काल राहत सामग्री और पुनर्वास सहायता की आवश्यकता है।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
पवाणी गांव में हुए अग्निकांड को लेकर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत और उचित मुआवजे की मांग की है।
24 नवंबर को भेजे गए पत्र में विधायक ने बताया कि आग शाम करीब चार बजे लगी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उस समय 25 से 30 परिवारों के प्रभावित होने की सूचना थी। उन्होंने यह भी बताया कि आग पर काबू पाने के लिए आवश्यक अग्निशमन वाहनों, मशीनरी और संसाधनों की उपलब्धता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
सुरक्षित ठिकाने, भोजन और मुआवजे की मांग
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही पीड़ितों को भोजन, पेयजल, कंबल, कपड़े और अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का तत्काल स्थलीय सर्वेक्षण कराने और प्रभावित परिवारों को उचित एवं पर्याप्त मुआवजा देने की मांग भी उठाई है। विधायक ने शासन से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का अनुरोध किया है।
पुनर्वास सबसे बड़ी चुनौती
33 मकानों के पूरी तरह जलने और 58 परिवारों के प्रभावित होने के बाद पवाणी गांव में पुनर्वास एक बड़ी चुनौती बन गया है। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के साथ ही उनके मकानों के पुनर्निर्माण तथा पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय की मरम्मत के लिए भी सहायता की जरूरत है।
अब ग्रामीणों को शासन-प्रशासन से राहत पैकेज, उचित मुआवजे और पुनर्वास संबंधी ठोस कदमों का इंतजार है।



