
लालकुआं। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 330 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को लालकुआं कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 330 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू (34) पुत्र इरशाद हुसैन, निवासी आजाद नगर, बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ये इंजेक्शन बहेड़ी, जिला बरेली निवासी आरिफ नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और इन्हें क्षेत्र में बेचने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UK-04-AR-8254 को सीज कर दिया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच करने के साथ ही कथित सप्लायर आरिफ की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा, एसओजी प्रभारी मोहन सोन सहित उपनिरीक्षक वंदना चौहान, कांस्टेबल गणेश गिरी, खीम सिंह, भूपेंद्र जेष्ठा और भानू प्रताप शामिल रहे।
नशा तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र बरेली से नशीले इंजेक्शनों की आपूर्ति करने वाले कथित सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना है।



