लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के संचालक मंडल सदस्य एवं धारी-पोखराढ़ निवासी किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन से नैनीताल दुग्ध संघ, प्रबंध कमेटी, अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
किशन सिंह बिष्ट नैनीताल दुग्ध संघ के संचालक मंडल में दो बार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। इसके अलावा वह धारी क्षेत्र में दो बार ग्राम प्रधान तथा एक बार क्षेत्र पंचायत सदस्य भी रहे। ग्रामीण विकास, दुग्ध व्यवसाय, पशुपालन और पर्वतीय क्षेत्रों में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पर्वतीय क्षेत्र में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों के चलते उन्हें ‘कीवीमैन’ के नाम से भी पहचान मिली। उन्होंने किसानों और पशुपालकों को दुग्ध व्यवसाय एवं पशुपालन से जोड़ने के साथ-साथ पर्वतीय कृषि को नई दिशा देने में योगदान दिया। सहकारी और सामाजिक क्षेत्र में भी उनका सक्रिय जुड़ाव रहा।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने किशन सिंह बिष्ट के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए बताया कि उनके निधन के कारण अगले तीन दिनों तक बैठक, बोनस वितरण सहित अन्य निर्धारित कार्यक्रमों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया है।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि किशन सिंह बिष्ट का निधन दुग्ध संघ और सहकारी क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं सहकारी क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
किशन सिंह बिष्ट के निधन पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के आँचल परिवार, प्रबंध कमेटी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।


