खबर शेयर करें -

लालकुआं। लालकुआं रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। यात्रियों की सूचना पर मुस्तैद जीआरपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं में भर्ती कराया। हालांकि, युवक की अत्यंत नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद 108 आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा के जरिए उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: (बड़ी खबर) ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी!

​जीआरपी के चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ मुसाफिरों ने पुलिस को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एक युवक के बेसुध पड़े होने की सूचना दी थी। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया।

मोबाइल लॉक होने से नहीं हो पा रहा संपर्क

वहीं, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के उप निरीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि बेहोश मिले युवक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे सुरक्षा के लिहाज से आरपीएफ कोतवाली में रखा गया है। युवक का फोन पैटर्न या पासवर्ड से लॉक होने के कारण उसके परिजनों से संपर्क साधने में मुश्किलें आ रही हैं। इस बीच, उसके फोन पर उत्तर प्रदेश के बहेड़ी क्षेत्र से एक कॉल आई थी, लेकिन फोन करने वाले व्यक्ति ने ठीक से बात नहीं की, जिससे युवक की पहचान को लेकर कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है।

यह भी पढ़ें -  हादसा या साजिश? बरेली रोड पर नहर से मिला अज्ञात युवक का शव, तफ्तीश में जुटी पुलिस।

जहर खुरानी गिरोह की आशंका

स्टेशन पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का दबी जुबान में कहना है कि युवक रेलवे स्टेशनों पर सक्रिय रहने वाले शातिर ‘जहर खुरानी गिरोह’ का शिकार हुआ हो सकता है। फिलहाल युवक पूरी तरह अचेत है और उसका इलाज हल्द्वानी में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और युवक के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि घटना की सही हकीकत सामने आ सके।