अग्रसर भारत
नई दिल्ली | बड़ी खबर
राजधानी दिल्ली में फिर बड़ा हादसा: सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत ढही, मलबे में 20 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका; NDRF और पुलिस का रेस्क्यू जारी
नई दिल्ली:
राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। साउथ कैंपस थाना क्षेत्र के सत्य निकेतन (नानकपुरा गुरुद्वारे के पास) इलाके में दोपहर करीब 1:30 बजे एक 5 मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आशंका जताई जा रही है कि इमारत के मलबे में 20 से अधिक लोग दब गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें एंबुलेंस व इमरजेंसी सेवाओं के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
बेसमेंट में चल रहा था काम, इमारत में चल रहा था PG
शुरुआती जांच के अनुसार, लगभग 80 गज के भूखंड पर बनी इस 5 मंजिला इमारत में पीजी (PG) चलाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इमारत के बेसमेंट में मरम्मत/निर्माण का काम चल रहा था, जिसके चलते रविवार को अचानक पूरी बिल्डिंग गिर गई।
3 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से अब तक 3 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। मौके पर राहत-बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


