
लालकुआं। नगर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ने वाली तीन छात्राओं के एक साथ लापता होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। तीनों छात्राएं रोजाना की तरह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन छुट्टी के बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर एक निवासी संघरतन बौद्ध ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री वर्षा अपनी दो सहेलियों रूबी और पलक के साथ विद्यालय गई थी। छुट्टी के बाद जब तीनों घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। सहेलियों के परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि वे भी घर नहीं लौटी हैं।
परिजनों और परिचितों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन तीनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से छात्राओं को शीघ्र खोजने की गुहार लगाई।
तीनों किशोरियों के एक साथ लापता होने से परिवारों में चिंता का माहौल है। पुलिस तहरीर के आधार पर संभावित स्थानों पर उनकी तलाश में जुटी हुई है।



