
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध उत्पादकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये का बजट पारित किया गया। साथ ही आगामी फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा की गई।
शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी एवं मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी सहित दुग्ध विकास विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिवेशन में 710 दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों तथा लगभग 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की भागीदारी रही।
अधिवेशन के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई। विभिन्न श्रेणियों में महिला एवं पुरुष दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त बिंदुखत्ता सहित आठ विकासखंडों के 31 उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये तथा दस समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों के अनुरूप फरवरी माह से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि संघ की प्राथमिकता 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में शीघ्र आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



