
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में पशुपालकों के हित में कई अहम निर्णय लिए गए। संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित अधिवेशन में 295 करोड़ 52 लाख रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। वहीं फरवरी 2027 से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने की घोषणा की गई। इस फैसले से संघ से जुड़े हजारों दुग्ध उत्पादक परिवारों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
शनिवार को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प बैंक्वेट हॉल में आयोजित अधिवेशन का शुभारंभ नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। अधिवेशन में संघ से जुड़ी 710 दुग्ध समितियों और करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों का प्रतिनिधित्व रहा।

पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना प्राथमिकता
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए फरवरी से दूध खरीद मूल्य में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पशुपालकों की आय बढ़ाने और दुग्ध व्यवसाय को निरंतर आगे ले जाने के लिए संघ प्रयासरत है। दुग्ध उत्पादक परिवारों के हितों की रक्षा और उनके विश्वास को बनाए रखना संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को किया सम्मानित

अधिवेशन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों, समिति सचिवों और दुग्ध विक्रेताओं को कुल 6 लाख 50 हजार 850 रुपये की पुरस्कार राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई।
मैदानी एवं पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही आठ विकासखंडों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित किया गया। बिंदुखत्ता क्षेत्र के नौ पुरुष और नौ महिला उत्पादकों सहित कुल 31 दुग्ध उत्पादकों को 3 लाख 74 हजार 850 रुपये के चेक प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त दस दुग्ध समिति सचिवों और 15 दुग्ध विक्रेताओं को कुल 2 लाख 76 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। संघ के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
हल्द्वानी में जल्द खुलेंगे आंचल मिल्क पार्लर
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली और अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
वहीं हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर निगम क्षेत्र में जल्द आंचल मिल्क पार्लर खोलने का आश्वासन दिया। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, राज्यमंत्री मोहन पाठक, पूर्व विधायक नवीन दुमका, प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, दुग्ध विकास विभाग के निदेशक बीएस चलाल, उपनिदेशक संजय उपाध्याय, देहरादून दुग्ध संघ अध्यक्ष ठाकुर भूमि सिंह, नैनीताल दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा सहित संचालक मंडल के सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



