
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बाद 17 वर्षीय छात्रा की मौत से परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि दीपावली के अगले दिन मां की डांट से आहत होकर छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बागेश्वर निवासी गोपाल सिंह दानू वर्तमान में अपने परिवार के साथ हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र स्थित संगम विहार में रहते हैं। सोमवार को परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गोपाल सिंह की 17 वर्षीय बेटी ज्योति को उसकी मां ने डांट दिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद ज्योति अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजन उसे देखने पहुंचे। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मुखानी प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के अनुसार, छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



